पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में 34 वर्षीय मुग्धा अविनाश देशमुख की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिवार को लगता था कि मुग्धा लंदन में रहकर एमबीए की पढ़ाई कर रही हैं, लेकिन जांच में पता चला कि वह अगस्त से ही लंदन छोड़ चुकी थीं और पुणे में रह रही थीं। परिजन जब पुलिस के साथ उनके फ्लैट पर पहुंचे, तो अंदर उनका शव सड़ी-गली हालत में मिला। फिलहाल उनकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मुग्धा के पिता अविनाश देशमुख ने छत्रपति संभाजीनगर के पुलिस थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिवार को जानकारी थी कि मुग्धा लंदन में एमबीए की पढ़ाई कर रही हैं। बताया गया है कि 23 अक्टूबर को मुग्धा की अपने माता-पिता से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। इस दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें कहीं इंटरव्यू के लिए जाना है। इसके बाद उन्होंने जल्दबाजी में फोन रख दिया।
अगले दिन जब परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका मोबाइल फोन लगातार बंद मिला। काफी प्रयासों के बाद भी बात नहीं हो सकी, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई।
मुग्धा से संपर्क नहीं होने पर उनके पिता ने लंदन में रहने वाली उनकी दोस्त निकिता से संपर्क किया और बेटी के बारे में पता लगाने को कहा। इसके बाद दोस्त ने लंदन पुलिस से संपर्क कर मुग्धा के लापता होने की सूचना दी। पुलिस से मिली जानकारी ने परिवार को चौंका दिया। बताया गया कि मुग्धा अगस्त महीने में ही लंदन छोड़ चुकी थीं। इसके बाद परिजनों ने बैंक स्टेटमेंट और अन्य जानकारियों की जांच की, जिसमें उनके भारत में होने और पुणे में रहने के संकेत मिले।
जानकारी के मुताबिक, मुग्धा अगस्त से पुणे की लोढ़ा सोसायटी स्थित एक फ्लैट में रह रही थीं। उनके पुणे में होने की जानकारी परिवार को नहीं थी। इसके बाद परिजन छत्रपति संभाजीनगर पुलिस के साथ पुणे पहुंचे और पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस की शिरगांव पुलिस टीम की मदद ली। पुलिस और परिजन जब मुग्धा के फ्लैट पर पहुंचे, तो दरवाजा खटखटाने और फोन पर संपर्क करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़ा। अंदर मुग्धा का शव सड़ी-गली हालत में पड़ा मिला।
पोस्टमार्टम में भी मौत की वजह स्पष्ट नहीं
शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। ऐसे में मुग्धा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी जांच का विषय है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मुग्धा अगस्त में लंदन से पुणे क्यों आई थीं और उनकी मौत कैसे हुई, इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेंगे।