Headlines

अंबिकापुर-रायगढ़ रोड में कारोबारी की मौत, तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आया

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार 70 वर्षीय कारोबारी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा नेशनल हाईवे-43 पर अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग में सीतापुर स्थित सेंट्रल बैंक के पास शुक्रवार शाम हुआ। मृतक की पहचान त्रिलोक चंद गोयल के रूप में हुई है। वे निहारिका स्टोर्स नाम से थोक किराना दुकान का संचालन करते थे।

जानकारी के मुताबिक, त्रिलोक चंद गोयल अपनी स्कूटी से गुजर रहे थे। इसी दौरान सेंट्रल बैंक के पास उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। तभी वहां से गुजर रहे ट्रेलर के पहिए की चपेट में वे आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक कारोबारी का शव सड़क पर पड़ा रहा। मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने की बात भी सामने आई है।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने स्ट्रेचर की मदद से शव को उठाया और करीब 100 मीटर दूर तक ले गए। वहां से ऑटो के जरिए शव को अस्पताल पहुंचाया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। फिलहाल घटना को लेकर विस्तृत जानकारी और पुलिस की आगे की कार्रवाई सामने आनी बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *