Headlines

काशी से दिल्ली तक आधुनिक रेल सफर, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को PM मोदी ने बताया ऐतिहासिक

दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी ने काशी और दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेवा को यात्रियों के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इस नई रेल सेवा से न केवल यात्रियों के समय की बचत होगी, बल्कि उनका सफर भी पहले से अधिक आरामदायक और सुविधाजनक बनेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि आधुनिक सुविधाओं और अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली से सुसज्जित यह देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन है। काशी से प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल होते हुए दिल्ली तक चलने वाली यह ट्रेन लाखों श्रद्धालुओं, पर्यटकों, युवाओं और व्यापारियों की यात्रा को सुगम बनाने में मदद करेगी।

पीएम मोदी ने कहा कि काशी-दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आस्था और आधुनिकता को जोड़ने का काम करेगी। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए काशी जाने वाले श्रद्धालुओं से लेकर प्रयागराज में संगम की यात्रा करने वाले लोगों तक, इस रेल सेवा से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि यह ट्रेन परंपरा को आधुनिकता से जोड़ते हुए देश की रेल सेवाओं को नई दिशा देगी। प्रधानमंत्री ने इस नई रेल सेवा के लिए सभी को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी यात्रा

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्देश्य लंबी दूरी की रेल यात्रा को अधिक आरामदायक बनाना है। आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के साथ यह सेवा यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *