Headlines

चूहे मारने की दवा खाकर महिला ने की थी खुदकुशी, पति गिरफ्तार, उकसाया था आत्महत्या के लिए

दुर्ग। जिले में पत्नी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में जामुल पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद के बाद महिला ने चूहे मारने की दवा का सेवन कर लिया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसीसी कॉलोनी, जामुल निवासी अंजना शर्मा ने 20 सितंबर को अपने पति के साथ पारिवारिक विवाद के चलते चूहे मारने की दवा का सेवन कर लिया था। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों ने उसे उपचार के लिए श्री शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान 25 सितंबर को उसकी मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद जामुल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर पुलिस को मृतिका के पति संजीव कुमार शर्मा की भूमिका संदिग्ध मिली। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 823/2026 के तहत BNS की धारा 108 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान बीते कल घेराबंदी कर संजीव कुमार शर्मा को पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

आरोपी की पहचान

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव कुमार शर्मा (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पद्मनाभपुर स्थित जनता मार्केट के पास एमआईजी-78 का निवासी है और वर्तमान में एसीसी कॉलोनी, जामुल, जिला दुर्ग में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले में पारिवारिक विवाद को घटना का प्रारंभिक कारण माना गया है। प्रकरण में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *