Headlines

Jagdalpur : कपड़ा शोरूम में युवती की लाश मिली

जगदलपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कपड़ा शोरूम की छत पर कर्मचारी दीपा सागर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती के परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, दीपा सागर ने 21 अक्टूबर को कपड़ा शोरूम में काम करना शुरू किया था। परिजनों के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच उनकी दीपा से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान उसने कहा था कि वह अभी बात नहीं कर सकती और बाद में फोन करेगी। इसके बाद परिवार का उससे संपर्क नहीं हो पाया।

रात करीब 9:30 बजे तक दीपा के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने शोरूम के कर्मचारियों से संपर्क किया। कर्मचारियों ने बताया कि दीपा शाम करीब 6:30 बजे से दिखाई नहीं दे रही है और उसका मोबाइल फोन शोरूम में ही छूट गया है। बाद में कर्मचारी उसका मोबाइल लेकर घर पहुंचे। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में बाफना हाउस भी पहुंचे, लेकिन उस समय प्रतिष्ठान बंद मिला।

अगली सुबह परिवार को दीपा की मौत की जानकारी मिली। शोरूम की छत पर उसका शव मिला था। परिजनों का दावा है कि युवती के हाथों और शरीर पर चोट तथा नाखून जैसे निशान दिखाई दे रहे थे। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिवार ने हत्या की आशंका जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *