धमतरी। जिले में गुंडे-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में कुरुद पुलिस ने पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और चाकूबाजी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बंटची चाकू और स्टील का कड़ा भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मरौद निवासी देवाशीष माहिलकर (23 वर्ष) ने थाना कुरुद में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे हाई स्कूल के पास पुरानी रंजिश को लेकर डिलेश्वर उर्फ दिलू यादव और पप्पू मंडावी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि दोनों ने मिलकर हाथ-मुक्के, बेल्ट के बक्कल और स्टील के कड़े से उसके चेहरे और सिर पर हमला कर दिया। इस दौरान डिलेश्वर यादव ने बंटची चाकू दिखाकर उसे डराया-धमकाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर कुरुद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने ग्राम मरौद में दबिश देकर मुख्य आरोपी डिलेश्वर उर्फ दिलू यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बंटची चाकू और स्टील का कड़ा जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 366/26 के तहत धारा 296(ख), 115(2), 351(2), 3(5), 118(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।