रायगढ़। जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। थाना पूंजीपथरा और थाना लैलूंगा पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पूंजीपथरा पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 9 मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जबकि लैलूंगा पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर चोरी की एक पल्सर बाइक जब्त की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चोरी एवं संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जंगल में पत्तों से ढककर छिपाते थे चोरी की मोटरसाइकिलें
पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के बीएस कंपनी कॉलोनी तराईमाल निवासी मुकेश कुमार बघेल ने 2 नवंबर को अपनी बजाज पल्सर 125 मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर की शाम अपनी मोटरसाइकिल कमरे के सामने खड़ी की थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।
मामले में अपराध क्रमांक 286/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान एक गुम मोबाइल की लोकेशन बंजारी मंदिर जंगल में मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि तांबा चोरी के मामले में जेल से रिहा हुआ राजू चौहान अपने साथियों के साथ फिर से सक्रिय है। संदेह के आधार पर पुलिस ने राजू चौहान, लक्की सिदार, राजेश श्रीवास, बीर सिंह उर्फ लाल सिंह, सूर्यदेव राम और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी करने की योजना बनाकर वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी रात के समय क्षेत्र में घूमकर मोटरसाइकिल चोरी करते थे और उन्हें जंगल में ले जाकर पेड़ों की पत्तियों से ढककर छिपा देते थे। आरोपियों ने तराईमाल स्थित बीएस कंपनी कॉलोनी और उर्दना क्षेत्र से कुल 9 मोटरसाइकिलें तथा 2 मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख 12 हजार रुपये कीमत की 9 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में बजाज पल्सर, हीरो फैशन प्रो, स्कूटी, प्लेटिना, यामाहा R15, सुपर स्प्लेंडर, होंडा साइन, हीरो होंडा स्प्लेंडर NXG और टीवीएस विक्टर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा सुनियोजित तरीके से एक साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने पर प्रकरण में धारा 112(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में राजू चौहान और राजेश श्रीवास का पूर्व में भी बाइक चोरी एवं तांबा चोरी के मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।
चोरी की पल्सर बेचने ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी, दो गिरफ्तार
इसी तरह लैलूंगा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने बाइक चोरी के मामले का खुलासा किया है। ग्राम सराईटोला निवासी पुरुषोत्तम पैकरा ने 29 अक्टूबर को अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 14 MV 9707 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को ग्राम राताखण्ड मेन रोड के किनारे मोटरसाइकिल खड़ी कर कुछ देर के लिए गए थे। वापस लौटने पर बाइक गायब मिली।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 335/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम राजपुर निवासी अनिश यादव और निलेश यादव चोरी की मोटरसाइकिल अपने पास रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की बाइक बेचने की नीयत से उसके कुछ पार्ट्स में बदलाव कर मॉडिफाई करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत की चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।