राजनांदगांव। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बसंतपुर थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गौरव अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव के खिलाफ ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रुपये के लेनदेन से जुड़े एक मामले में प्रधान आरक्षक द्वारा उनसे 5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले का सत्यापन किया और आरोपी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की। आज योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता गौरव अग्रवाल को 20 हजार रुपये देकर बसंतपुर थाना भेजा गया।
जैसे ही गौरव अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव को 20 हजार रुपये दिए, पहले से मौके पर तैनात ACB की टीम ने दबिश देकर उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।