बीजापुर। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए 711 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) शेल बरामद किए हैं। बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत अपने कब्जे में ले लिया गया है। इस बड़ी बरामदगी के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों द्वारा हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखे जाने की सूचना पर जिला पुलिस, CRPF की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इस दौरान उसूर थाना क्षेत्र के FOB ताड़ापाला से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर KG हिल्स के जंगलों में जवानों को यह विस्फोटक सामग्री मिली।

सुरक्षाबलों ने मौके से कुल 711 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर शेल बरामद किए। सभी शेल को निर्धारित सुरक्षा मानकों और सावधानियों के साथ कब्जे में लिया गया है। इस बरामदगी को नक्सलियों की हिंसक गतिविधियों और उनके विस्फोटक भंडारण पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
इलाके में चलाया जाएगा डी-माइनिंग अभियान
बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र की बारीकी से जांच करने की तैयारी में हैं। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही आसपास के जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में डी-माइनिंग अभियान चलाया जाएगा, ताकि कहीं अन्य विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तुएं छिपाकर न रखी गई हों।
पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों से फिलहाल कर्रेगुट्टा और आसपास की पहाड़ियों में नहीं जाने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि क्षेत्र में छिपी अन्य विस्फोटक सामग्री की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।