Headlines

बिलासपुर में इडली-डोसा वाले पर जानलेवा हमला, 2 लड़के गिरफ्तार

बिलासपुर। न्यायधानी में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। राजीव गांधी चौक के पास इडली-डोसा का ठेला लगाने वाले युवक हर्ष धनकर और उसके सहयोगी रितेश कुमार साहू के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की। घटना में हर्ष धनकर को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि रितेश साहू को सामान्य चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल हर्ष को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने अपराध दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हर्ष धनकर (29 वर्ष), पिता नरेश धनकर, राजीव गांधी चौक के पास इडली-डोसा का ठेला लगाता है। रितेश कुमार साहू (27 वर्ष) उसके साथ सहयोगी के रूप में काम करता है। बताया गया कि 5 नवंबर 2026 से पहले हर्ष, रितेश और आरोपियों के बीच सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, उस समय दोनों पक्षों के बीच आपसी राजीनामा हो गया था।

पुरानी रंजिश में सुबह 4 से 5 बजे हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, इसी पुराने विवाद की रंजिश को लेकर 5 नवंबर 2026 की सुबह करीब 4 से 5 बजे आरोपियों ने एक बार फिर हर्ष धनकर और रितेश साहू के साथ विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान हर्ष को गंभीर चोटें आईं, जबकि रितेश को भी चोट पहुंची।

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हर्ष धनकर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने पंकज लहरे, राहुल चतुर्वेदी, ऋषभ राज कोसले और सारिक अली के खिलाफ अपराध क्रमांक 1507/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।

पुलिस के अनुसार, घायल युवक को गंभीर चोटें आने के आधार पर विवेचना के दौरान भारतीय न्याय संहिता की अन्य संगत धाराएं भी जोड़ी गई हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *