रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नरक चतुर्दशी के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस पर्व को अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक बताते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि नरक चतुर्दशी का पर्व भारतीय संस्कृति और परंपरा में विशेष महत्व रखता है। यह त्योहार हमें बुराइयों का त्याग कर अच्छाई, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
सीएम साय ने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई खुशियां, सकारात्मकता और उत्साह लेकर आए। प्रदेश का हर परिवार सुख, शांति और खुशहाली के साथ त्योहार मनाए। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के जीवन में मंगल और समृद्धि बने रहने की कामना की।
नरक चतुर्दशी को छोटी दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। दीपावली से एक दिन पहले मनाए जाने वाले इस पर्व पर घरों में दीप जलाने और पूजा-अर्चना की परंपरा है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत और जीवन में प्रकाश के महत्व का संदेश देता है।