धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत अर्जुनी थाना पुलिस ने ग्राम लिमतरा, परेवाडीह और कुरमातराई में चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 52 पत्ती काट-पत्ती जुआ खेल रहे 11 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ों से कुल 5,520 रुपये नकद तथा ताश की पत्तियां जब्त की हैं।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश और मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर अर्जुनी पुलिस की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की और मौके से जुआ खेल रहे आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम लिमतरा के कला मंच के पास दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। पहले मामले में प्रकाश साहू, संजय साहू और शिवानंद निर्मलकर को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 1,750 रुपये और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
इसी स्थान पर दर्ज दूसरे मामले में भूषण लाल बघा, टकेश्वर साहू, संदीप कुमार साहू और परमेश्वर साहू को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 1,560 रुपये नकद और ताश की पत्तियां बरामद की गईं।
ग्राम परेवाडीह में बड़रा तालाब के सामने मुख्य सड़क पर जुआ खेलते दुलेश्वर साहू और गंधर्व साहू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से 950 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की।
वहीं ग्राम कुरमातराई में रंगमंच शेड के नीचे दबिश देकर धनेन्द्र कुमार साहू और नागेश्वर साहू को पकड़ा गया। इस कार्रवाई में 1,260 रुपये नकद और ताश की पत्तियां जब्त की गईं।
अर्जुनी पुलिस ने चारों कार्रवाइयों में कुल 11 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई है।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ-सट्टा सहित अवैध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।