अभनपुर। दीपावली का त्योहार जहां हर घर में खुशियां, रोशनी और अपनों से मिलने का उत्साह लेकर आता है, वहीं अभनपुर क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। दीपावली मनाने अपने गृहग्राम जा रहा एक परिवार दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। देर रात टीला एनीकट के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चों समेत चारों लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के लक्ष्मीनगर निवासी शीतल साहू (44 वर्ष) अपनी पत्नी भारती साहू, बेटे और बेटी के साथ दीपावली का त्योहार मनाने अपने गृहग्राम पसौद, जिला गरियाबंद जा रहे थे। परिवार में त्योहार को लेकर उत्साह था और सभी अपने रिश्तेदारों तथा परिजनों के साथ दीपावली मनाने के लिए घर से निकले थे।
बताया जा रहा है कि देर रात करीब एक बजे अभनपुर क्षेत्र के टीला एनीकट के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार परिवार के चारों सदस्यों की जान चली गई।
एक पल में बिखर गया पूरा परिवार
जिस परिवार में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं और अपनों से मिलने की खुशियां थीं, वहां इस हादसे ने सबकुछ उजाड़ दिया। पति-पत्नी और उनके दोनों बच्चों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।