रायपुर। कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर प्रदेश के छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले छात्र-छात्राओं की भोजन एवं नाश्ते की मेस राशि बढ़ाने की मांग उठाई है।
सिंहदेव ने पत्र में कहा है कि पिछले तीन वर्षों से छात्रावासों में भोजन और नाश्ते के लिए निर्धारित राशि में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। दूसरी ओर, लगातार बढ़ती महंगाई के कारण खाद्य सामग्री की कीमतें बढ़ रही हैं। ऐसे में बच्चों को पौष्टिक और पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।
इसके साथ ही टीएस सिंहदेव ने छात्रावास अधीक्षकों की कार्यप्रणाली और उनकी समस्याओं का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने कहा कि अधीक्षकों को 24 घंटे ड्यूटी करनी पड़ती है। इसके अलावा कई व्यवस्थाएं व्यावहारिक नहीं हैं और उनकी विभिन्न मांगें भी लंबे समय से लंबित हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि छात्रावासों में भोजन एवं नाश्ते की राशि बढ़ाने के साथ अधीक्षकों की समस्याओं का भी समाधान किया जाए। सिंहदेव के अनुसार, बच्चों का बेहतर पोषण और कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।