कोरबा। जिले के कटघोरा स्थित मुरली होटल में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राहकों को परोसे गए सांभर में कीड़ा दिखाई दिया। इसे देखकर ग्राहक हैरान रह गए और उन्होंने तत्काल होटल कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि होटल कर्मचारियों ने भी सांभर में कीड़ा होने की बात स्वीकार की।
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद ग्राहक खाना छोड़कर होटल से बाहर निकल गए। इस मामले ने होटल में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले NTPC क्षेत्र स्थित लक्ष्मी डेयरी के सांभर-बड़ा में भी कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी। उस मामले में खाद्य विभाग ने कार्रवाई की थी। लगातार खाद्य पदार्थों में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आने से खाद्य प्रतिष्ठानों की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
वहीं, मुरली होटल का वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य विभाग ने मामले में जल्द कार्रवाई करने की बात कही है। अब देखना होगा कि विभाग होटल की जांच के बाद क्या कदम उठाता है।