महासमुंद। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी। इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र के देवाशीष स्कूल के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़ी ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
वहीं, दोनों मृत महिलाओं के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।