Headlines

अपहरण केस में पूर्व DSP गुरमीत सिंह दोषी करार, CBI कोर्ट ने सुनाया फैसला

मोहाली। पंजाब के अमरीक सिंह अपहरण मामले में CBI की विशेष अदालत ने पंजाब पुलिस के तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह को दोषी करार दिया है। मोहाली स्थित CBI कोर्ट ने 11 नवंबर 2026 को सुनवाई पूरी होने के बाद यह फैसला सुनाया।

मामला 25 नवंबर 1992 का है। आरोप के अनुसार, लुधियाना के होटल अमलतास से तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह के नेतृत्व में पंजाब पुलिस की एक टीम ने अमरीक सिंह का अपहरण किया था। इस मामले में अमरीक सिंह के बेटे देविंदर सिंह ने शिकायत और हलफनामा प्रस्तुत किया था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए सुप्रीम कोर्ट ने 15 नवंबर 1995 को एक आदेश जारी किया था। इसके बाद पहले प्रारंभिक जांच दर्ज की गई और फिर 23 फरवरी 2000 को CBI ने नियमित मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच पूरी होने के बाद CBI ने 27 नवंबर 2001 को पांच पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। इनमें तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह, डीएसपी परमिंदरजीत सिंह, थाना प्रभारी सूबा सिंह, सब इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह और सहायक उप निरीक्षक जसवंत सिंह शामिल थे। 15 अप्रैल 2004 को आरोप तय किए गए थे।

अदालत ने सुनवाई के बाद पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 365 और 120-B के तहत दोषी ठहराया है। वहीं, सह-आरोपी डीएसपी परमिंदरजीत सिंह को बरी कर दिया गया है। अन्य तीन आरोपियों थाना प्रभारी सूबा सिंह, एसआई सुरिंदर सिंह और एएसआई जसवंत सिंह की मृत्यु हो जाने के कारण उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही समाप्त कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *