बेरला। जिले के बेरला स्थित उत्सव डेयरी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3050 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई है। इसमें लगभग 2000 किलो खोवा, 900 किलो पनीर, 150 किलो मिल्क केक, बूंदी के लड्डू सहित अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं। बताया गया है कि दिवाली के बाद बिक्री से बची मिठाइयों और खाद्य सामग्री को कोल्ड स्टोरेज में गंदगी के बीच रखा गया था।
जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के कंट्रोलर दीपक अग्रवाल ने त्योहार समाप्त होने के बाद भी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर अनियमितता मिलने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत राज्य स्तरीय निगरानी टीम ने रविवार को बेमेतरा जिले के बेरला स्थित उत्सव होटल/डेयरी में दबिश दी। टीम को प्रतिष्ठान में बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत मिली थी।
जांच के दौरान टीम को कोल्ड स्टोरेज में भारी गंदगी के बीच त्योहार के बाद बची मिठाइयों के साथ खोवा, पनीर, घी, आटा सहित अन्य खाद्य सामग्री रखी मिली। मौके पर रखे खाद्य पदार्थों से बदबू भी आ रही थी। पूछताछ के दौरान प्रतिष्ठान संचालक ने खाद्य सामग्री के त्योहार के बाद बची होने की बात स्वीकार की।
टीम ने मौके से थोक मात्रा में रखे खोवा, पनीर और घी सहित संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए। इसके बाद नगर पंचायत की गाड़ी बुलाकर करीब 3050 किलो खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों के भंडारण और गुणवत्ता को लेकर लापरवाही बरतने वाले कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग की ओर से त्योहार के बाद भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।