Headlines

चोर ने जज को धमकी दी, मुंगेली में पेशी के दौरान किया हंगामा

मुंगेली। जिला न्यायालय में पेशी के दौरान ट्रक चोरी के एक आरोपी ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि आरोपी ने अपना नाम बताने से इनकार करते हुए पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और कटघरे से कूदकर पीठासीन अधिकारी के सामने पहुंच गया। इस दौरान उसने पीठासीन अधिकारी को जान से मारने की धमकी दी और कांच के फ्रेम को तोड़ने का प्रयास किया। मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) शत्रुघन कुमार बेलदार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को सरगांव थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के मामले में गिरफ्तार आरोपी भगतराम राजपूत (25 वर्ष) को रिमांड के लिए मुंगेली जिला न्यायालय में पेश किया गया था। शाम करीब 4:30 बजे पुलिसकर्मी उसे न्यायालय के कटघरे में खड़ा करने ले जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने लगा।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पीठासीन अधिकारी की ओर उंगली दिखाते हुए कथित तौर पर कहा, ‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे।’ इसके बाद वह कटघरे से छलांग लगाकर पीठासीन अधिकारी के सामने लगे कांच के फ्रेम के पास पहुंच गया और उसे जोर-जोर से तोड़ने का प्रयास करने लगा।

इस दौरान आरोपी ने पीठासीन अधिकारी और न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत में आरोपी के इस व्यवहार को न्यायालय की गरिमा के खिलाफ गंभीर और अपमानजनक कृत्य बताया गया है।

घटना से आहत होकर CJM शत्रुघन कुमार बेलदार ने स्वयं थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मुंगेली पुलिस ने भगतराम राजपूत के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।

फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *