Headlines

पंजाब में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप टिप्पर से टकराई, 3 की मौत

पंजाब। माता श्री नैना देवी के दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन पंजाब के खन्ना जिले के माछीवाड़ा इलाके में भीषण हादसे का शिकार हो गई। पवात पुल के पास सड़क किनारे खड़े एक टिप्पर से पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से 27 श्रद्धालु घायल हो गए। मृतकों में दो नाबालिग भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार सभी श्रद्धालु माता श्री नैना देवी के दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान माछीवाड़ा के पास पवात पुल पर उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टिप्पर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला और माछीवाड़ा सहित आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में जान गंवाने वालों में 17 वर्षीय गौरव की पहचान हुई है। इसके अलावा 14 वर्षीय एक किशोर और 36 वर्षीय महिला की भी मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *