बिलासपुर/रायपुर। फर्जी खबरें प्रकाशित करने, AI टूल की मदद से तस्वीरों में छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने और लोगों को ब्लैकमेल कर रुपये वसूलने के आरोपों से घिरे रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन को अदालत से बड़ा झटका लगा है। नवम सत्र न्यायाधीश की अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी है। वहीं, अब पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर से रायपुर लेकर पहुंची है, जहां उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल की आड़ में लोगों की छवि खराब करने वाली भ्रामक खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। आरोप है कि वह AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार करता था। इसके बाद ऐसी तस्वीरों और भ्रामक खबरों को प्रसारित करने की धमकी देकर संबंधित लोगों से रुपये वसूलने का दबाव बनाया जाता था।
इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए थे। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है।
मामले में जमानत याचिका खारिज होने के बाद अब दीपक टंडन को बिलासपुर से प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लाया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
पत्नी बरखा टंडन के साथ कई मामलों में नाम
बताया जा रहा है कि दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर, कोरबा और सक्ती सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों में करीब 10 एफआईआर दर्ज हैं। दोनों पर होटल पर अवैध कब्जा, जमीन की धोखाधड़ी, फर्जी सौदे और फॉर्च्यूनर कार बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी जैसे आरोप भी हैं।
इसके अलावा कोयला कारोबारियों और एसईसीएल में ठेका दिलाने के नाम पर कथित ठगी, पैसे मांगने पर धमकी देने और AI से तैयार तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग के आरोप भी सामने आए हैं। दीपक टंडन का नाम पूर्व डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में भी सामने आ चुका है। फिलहाल पुलिस जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।