सोलन। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP-STF) ने हिमाचल प्रदेश के सोलन में नकली दवाइयां बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान चने की भूसी और अलग-अलग तरह के पाउडर को मिलाकर दवाइयां तैयार करने का मामला सामने आया है। इन नकली दवाइयों की सप्लाई उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में किए जाने की जानकारी मिली है।
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसीन, वसीम और मुन्ना उर्फ मोनू कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई UP-STF की मेरठ यूनिट, उत्तर प्रदेश की खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) टीम और हिमाचल प्रदेश पुलिस ने संयुक्त रूप से की। संयुक्त टीम ने सोलन में कार्रवाई कर नकली दवाइयां बनाने के ठिकाने का पता लगाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में चने की भूसी और विभिन्न प्रकार के पाउडर को मिलाकर दवाइयां बनाई जा रही थीं। इसके बाद इनकी सप्लाई उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में की जा रही थी।
फिलहाल तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। नकली दवाइयों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।