दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर रानी लक्ष्मीबाई के साहस, शौर्य और मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण को याद किया।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि भारत माता की पराक्रमी संतान रानी लक्ष्मीबाई को उनकी जयंती पर शत-शत नमन। उन्होंने कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य और आत्मसम्मान से कभी समझौता नहीं किया।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि विदेशी हुकूमत के विरुद्ध रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस और अद्भुत शौर्य की गाथा देश की हर पीढ़ी को मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देती रहेगी।
प्रधानमंत्री के इस संदेश के जरिए देश की स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए संघर्ष करने वाली वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के योगदान को याद किया गया।