दुर्ग। जिले के पाटन में घर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस चोरी की वारदात में घर के पास रहने वाली महिला की संलिप्तता सामने आई है, जो नियमित रूप से प्रार्थिया के घर आती-जाती थी। पुलिस ने महिला, उसके पति और एक अन्य परिचित को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और ज्वेलर्स दुकान से चोरी के जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन सहित 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद करने का दावा किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 को कल्याणी देवांगन (46 वर्ष), निवासी मकान नंबर 82, दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी, पाटन ने थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि घर के कमरे में रखी पुरानी पेटी का ताला और कुंदा टूटा हुआ था। पेटी में रखे उनके, उनकी बहन और मां के पुराने सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी गायब थे। शिकायत पर थाना पाटन में अपराध क्रमांक 379/2026 के तहत धारा 305(क), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पड़ोस में रहने वाली महिला पर हुआ शक
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थिया तथा परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। इस दौरान प्रार्थिया के घर नियमित रूप से आने-जाने वाली पड़ोसी महिला ज्योतिका सिंह पर संदेह हुआ। पूछताछ में ज्योतिका ने कथित तौर पर अपने परिचित लव कुमार साहू के कहने पर ब्याज में पैसा कमाने के उद्देश्य से चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, ज्योतिका ने चोरी किए गए कुछ जेवरात ज्वेलर्स दुकान में बेच दिए थे। इसके बाद प्राप्त रकम और जेवरात अपने पति मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया तथा परिचित लव कुमार साहू को देना बताया। पुलिस ने तीनों से पूछताछ कर उनकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात, नगदी और अन्य सामान बरामद किया।
घर की जानकारी का उठाया फायदा
पुलिस के मुताबिक, ज्योतिका को प्रार्थिया के घर नियमित रूप से आने-जाने के कारण घर की व्यवस्था और जेवरात रखे जाने की जगह की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने पेटी का ताला और कुंदा तोड़कर जेवरात व नगदी चोरी की। इसके बाद चोरी के कुछ आभूषण बेचकर मिली रकम को अपने पति और परिचित के साथ साझा किया।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
- ज्योतिका सिंह (24 वर्ष), निवासी ग्राम गोडपेण्ड्री, थाना उतई, जिला दुर्ग; वर्तमान पता पाटन।
- मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया (25 वर्ष), निवासी ग्राम गोडपेण्ड्री, थाना उतई, जिला दुर्ग; वर्तमान पता पाटन।
- लव कुमार साहू (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03, दाउबाड़ा, नंदिनी, अहिवारा, जिला दुर्ग।
आरोपियों से यह सामान बरामद
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आरोपिया ज्योतिका सिंह से एक्टिवा वाहन, वनप्लस मोबाइल, सोने के झुमके, ईयरिंग, गेहूं दाना, लॉकेट, सोने के गोला दाना, टॉप्स और 13 हजार रुपये नगद सहित कुल 2 लाख 95 हजार 600 रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
वहीं, मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया से मोटरसाइकिल, रेडमी मोबाइल, चांदी की चेन और 6 हजार रुपये नगद सहित 89 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। आरोपी लव कुमार साहू से सोने के टॉप्स, वनप्लस मोबाइल, चांदी का ब्रेसलेट, दो चांदी के लॉकेट और 7 हजार रुपये नगद सहित 67 हजार 260 रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपियों और ज्वेलर्स दुकान से भी चोरी के जेवरात व अन्य सामग्री बरामद की है।