सूरजपुर। शहर के रिंग रोड पर स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने स्थित छठ घाट के पास शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान राजू सिंह चावला के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, राजू सिंह चावला मूल रूप से चिरमिरी का रहने वाला था। वर्तमान में वह सूरजपुर के अग्रसेन वार्ड (भट्ठापारा) में रहकर बाइक गैरेज में मैकेनिक का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।