जगदलपुर। शहर के पनारा पारा इलाके में चाकूबाजी की घटना में 40 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। पुरानी रंजिश के चलते एक नाबालिग पर मुन्नू कश्यप की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और आरोपी नाबालिग के घर का घेराव कर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने लोगों को शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
शुरुआती जानकारी में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश के साथ प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद नाबालिग आरोपी फरार है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।