Headlines

पटवारियों की हड़ताल स्थगित, CM साय को सौंपा मांग पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से चल रहा राजस्व पटवारियों का आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ ने आज मुख्यमंत्री के नाम पत्र जारी कर आंदोलन स्थगित करने की जानकारी दी है। संघ ने शासन की सकारात्मक पहल और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।

संघ के प्रांताध्यक्ष भगवत कश्यप की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि 13 अक्टूबर 2026 से प्रदेशभर के हजारों पटवारियों के अधिकार, स्वाभिमान और सम्मान को लेकर आंदोलन किया जा रहा था। अब शासन की ओर से सकारात्मक पहल की उम्मीद के साथ आंदोलन को आज से स्थगित किया जा रहा है।

राजस्व पटवारी संघ ने मुख्यमंत्री को एक अलग पत्र सौंपकर अपनी चार प्रमुख मांगें भी रखी हैं।

1. निलंबन और अन्य कार्रवाई समाप्त करने की मांग: आंदोलन के दौरान पटवारियों के खिलाफ की गई निलंबन, ब्रेक इन सर्विस, स्थानांतरण और कारण बताओ नोटिस जैसी दंडात्मक कार्रवाइयों को समाप्त कर पूर्व की स्थिति बहाल करने की मांग की गई है।

2. आंदोलन अवधि का वेतन देने की मांग: अनिश्चितकालीन आंदोलन की पूरी अवधि को कार्य दिवस मानते हुए नियमित वेतन देने का अनुरोध किया गया है।

3. वेतन और पदोन्नति संबंधी समस्याएं: वेतन विसंगतियों और पदोन्नति से जुड़े मामलों पर तत्काल निर्णय लेकर एक समान आदेश जारी करने की मांग की गई है।

4. ऑनलाइन मुख्यमंत्री जनदर्शन सेवा शुरू करने की मांग: कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ऑनलाइन मुख्यमंत्री जनदर्शन सेवा शुरू करने का अनुरोध किया गया है।

संघ ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी। फिलहाल आंदोलन स्थगित होने से पटवारी आंदोलन को लेकर बनी स्थिति में बदलाव आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *