राजनांदगांव। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी चिचोला ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिल के चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। चालक बिना हेलमेट के वाहन चला रहा था और मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर भी लगा हुआ था।
पुलिस चौकी चिचोला की टीम ने चिचोला (रेंगाटोला) क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया था। इस दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक MH40 CS 3445 (बुलेट) को रोककर जांच की गई। जांच में चालक को बिना हेलमेट वाहन चलाते और यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाया गया। साथ ही बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ मिला।
पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 119/177, 144/177, 194(घ) और 182(क)(4) के तहत कार्रवाई करते हुए मौके पर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद मामले में इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वाहन स्वामी की पहचान निरंजन विट्ठल निवासी डोंगरगांव के रूप में हुई है।