कोरबा। जिले के प्रगतिनगर स्थित दर्री डेम में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बांगो थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) धनंजय सिंह के 21 वर्षीय बेटे अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। युवक 18 नवंबर से लापता था।
जानकारी के मुताबिक, कुछ मछुआरे मछली पकड़ने के लिए दर्री डेम पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने पानी में एक युवक का शव तैरते हुए देखा। मछुआरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और मछुआरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद बांगो थाना में पदस्थ ASI धनंजय सिंह को भी मौके पर बुलाया गया। उन्होंने शव की पहचान अपने बेटे अर्जुन सिंह के रूप में की।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।