रायगढ़। शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती को जान से मारकर फेंक देने की धमकी देने का भी आरोप है। महिला थाना पुलिस ने खरसिया क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, 20 साल की युवती ने 20 नवंबर 2026 को महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि वह आरोपी सागर पटैल उर्फ छोटू (22 वर्ष), निवासी खरसिया को पहले से जानती थी। जुलाई 2024 में आरोपी ने उससे प्रेम और शादी करने की इच्छा जताई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
युवती के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की रात आरोपी उसके घर पहुंचा और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन शादी करने की बात कहकर उसे ट्रेन से बिलासपुर ले गया। वहां एक मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी होने की बात कही और अपने घर ले आया। इसके बाद युवती आरोपी के घर पर रहने लगी।
कुछ समय बाद युवती के परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी मिली। उन्होंने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने के लिए आरोपी से बातचीत की, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। युवती के दबाव बनाने पर उसे जान से मारकर फेंक देने की धमकी भी दी।
युवती की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69 और 351(3) में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम खरसिया रवाना हुई और आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। यह कार्रवाई अभियान संवेदना के तहत की गई।