पठानकोट। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा इन दिनों पंजाब के पठानकोट में आयोजित हो रही है। उत्तर प्रदेश के बाद अब पंजाब पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री की कथा को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। इसकी खास वजह यह है कि कथा का आयोजन आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता स्वर्ण सिंह सलारिया करवा रहे हैं।
स्वर्ण सिंह सलारिया पठानकोट जिले की सुजानपुर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार बताए जा रहे हैं। कथा में पंजाब आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अमन अरोड़ा भी शामिल हुए। वहीं, अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही गई है।
पंजाब में कथा के आयोजन और इसके यजमान के आम आदमी पार्टी से जुड़े होने के कारण धीरेंद्र शास्त्री से राजनीतिक समर्थन को लेकर सवाल पूछे जा रहे हैं। उनसे पूछा गया कि क्या वह पंजाब में आम आदमी पार्टी का समर्थन कर रहे हैं?
इस पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनका उद्देश्य सनातनियों की एकता है। उन्होंने हिंदू और सिख समुदाय को अलग-अलग नहीं, बल्कि सनातनी परंपरा से जुड़ा बताया। उनके जवाब का आशय था कि जिस भी राजनीतिक दल में सनातनी हैं, वे उन सभी के साथ हैं। उन्होंने किसी एक राजनीतिक दल का समर्थन करने की बात नहीं कही।
इससे पहले उत्तर प्रदेश के कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा का आयोजन हुआ था, जिसमें राजा भैया यजमान थे। अब पंजाब के पठानकोट में आम आदमी पार्टी के नेता स्वर्ण सिंह सलारिया द्वारा हनुमंत कथा का आयोजन कराए जाने से राजनीतिक चर्चाओं को नई दिशा मिल गई है।
एक ओर उत्तर प्रदेश में राजा भैया के साथ कथा का आयोजन चर्चा में रहा, तो दूसरी ओर पंजाब में AAP नेता के यजमान बनने से यह सवाल उठने लगे हैं कि धीरेंद्र शास्त्री के धार्मिक आयोजनों में अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े लोग क्यों शामिल हो रहे हैं।
हालांकि, धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य किसी एक राजनीतिक दल के पक्ष में प्रचार करना नहीं, बल्कि सनातनी एकता का संदेश देना है।