Headlines

मगरलोड में युवती की अपहरण करने की कोशिश, एक गिरफ्तार, दूसरा आरोपी फरार

धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में युवती का रास्ता रोककर उसके साथ छेड़छाड़, मारपीट और जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुष्पेन्द्र यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम गिरौद, थाना मगरलोड के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। वहीं, घटना का मुख्य आरोपी मनमोहन साहू अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेन्हाभाठा निवासी युवती ने 23 नवंबर को मगरलोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि वह सुबह अपने होटल में सामान छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास बाइक सवार आरोपियों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। ग्राम सेन्हाभाठा प्राथमिक शाला के पास आरोपियों ने अपनी मोटरसाइकिल उसकी स्कूटी के सामने अड़ाकर रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि मुख्य आरोपी मनमोहन साहू ने युवती के साथ अश्लील हरकत और बदसलूकी की तथा उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया। युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह दबाया और दांत से उसके गाल पर काटकर घायल कर दिया। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उसे ग्राम परसवानी, भोथीडीह और राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की ओर ले जाने का प्रयास किया गया।

इस दौरान युवती के फूफा कैलाश साहू और ग्रामीणों की मदद से बोरसी पुरैना मोड़ के पास घेराबंदी की गई। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी होते देख मुख्य आरोपी मनमोहन साहू मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुष्पेन्द्र यादव गिरफ्तार, बाइक जब्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए मगरलोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान संदेही पुष्पेन्द्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PR 3899 जब्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुष्पेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 7 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई के तहत मगरलोड पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस फरार मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *