Headlines

फर्जी ऋण पुस्तिका बनाकर एक ही जमीन कई लोगों को बेची, 3 लाख की धोखाधड़ी के आरोप में आरोपी गिरफ्तार

durg ki khabar

दुर्ग। जिले के बोरी थाना क्षेत्र में एक ही जमीन के अलग-अलग ऋण पुस्तिका तैयार कर कई लोगों को बेचने और पावर ऑफ अटॉर्नी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जमीन के दस्तावेजों में कूटरचना कर लोगों से रकम लेने और धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना बोरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम अरसी स्थित खसरा नंबर 1051 और 1086 की कुल 0.32 हेक्टेयर जमीन का सौदा दीपक देशलहरे (36 वर्ष), निवासी ग्राम अरसी के साथ 3 लाख रुपये में तय हुआ था। प्रार्थी ने यह रकम ऑनलाइन, बैंक खाते और नगद के माध्यम से आरोपी को दी थी।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने जमीन के दस्तावेजों में त्रुटि होने की बात कहकर उन्हें सुधारने और रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया था। इसी दौरान उसने प्रार्थी को पावर ऑफ अटॉर्नी भी दी, जिसके आधार पर प्रार्थी स्वयं या किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री करा सकता था।

एक ही जमीन के लिए कई लोगों को दी पावर ऑफ अटॉर्नी

करीब 11 महीने बाद प्रार्थी को पता चला कि आरोपी ने उसी जमीन के संबंध में अन्य व्यक्तियों को भी पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री कराई है। तहसील कार्यालय से जानकारी लेने पर जमीन के नामांतरण की प्रक्रिया में कई लोगों द्वारा आपत्ति दर्ज कराए जाने की बात सामने आई।

इसके बाद प्रार्थी की शिकायत पर थाना बोरी में अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

विवेचना के दौरान आरोपी फरार था। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने दीपक देशलहरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, मामले में उसकी संलिप्तता सामने आने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक ही जमीन के संबंध में अलग-अलग ऋण पुस्तिका तैयार कर दस्तावेजों में त्रुटि सुधारने और रजिस्ट्री कराने का भरोसा देता था। इसके बाद अलग-अलग लोगों से रकम लेकर उन्हें उसी जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी दी जाती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *