धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले में अवैध कोयला खनन के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी कार्रवाई की है। CISF ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर 28 नवंबर 2026 को कैथारडीह वन क्षेत्र में खुफिया सूचना के आधार पर संयुक्त छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, मशीनें और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई। वहीं, कार्रवाई के दौरान 24 संदिग्धों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, धनबाद में लंबे समय से चल रही अवैध कोयला खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से CISF और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान की योजना बनाई थी। खुफिया जानकारी मिलने के बाद टीम ने कैथारडीह वन क्षेत्र में छापेमारी की। तलाशी के दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।
छापेमारी में ये सामग्री हुई जब्त
संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस और CISF की टीम ने मौके से निम्नलिखित सामग्री जब्त की:
- ट्रैक्टर के साथ कंप्रेसर मशीन – 1
- पोर्टेबल जनरेटर – 1
- विस्फोटक – 51
- डेटोनेटर – 39
- मिट्टी खोदने वाली मशीन – 1
कार्रवाई के दौरान कुल 24 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। जब्त सामग्री के साथ सभी संदिग्धों को आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया।
छह अवैध खदानों के मुहाने बंद
अवैध खनन पर दोबारा रोक लगाने के लिए BCCL प्रबंधन ने भी कार्रवाई की। प्रबंधन की ओर से क्षेत्र की छह अवैध खदानों के मुहानों को मिट्टी और पत्थरों से भरकर बंद कराया गया, ताकि इन खदानों में दोबारा अवैध गतिविधियां संचालित न हो सकें। CISF की इस कार्रवाई को धनबाद में अवैध कोयला खनन पर लगाम लगाने और राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।