रायपुर। बलोदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद के कुछ इलाकों में अगले 3 घंटों में बिजली गिरने, तेज हवाओं और बारिश के साथ भीषण आंधी आने की संभावना है। रायपुर में शुक्रवार सुबह गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। वहीं धमतरी में धूलभरी आंधी चली, जिससे कई जगह पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गए और कुछ इलाकों में बिजली गुल हो गई।

अंधड़ के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेन्ड्रा रोड में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।