धमतरी में तेजाब अटैक, दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर अपराध दर्ज

धमतरी। तेजाब अटैक और मारपीट मामले में कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को आरोपी बनाया है, जानकारी के मुताबिक गणेश चौक में 13 मई की रात साढ़े 10 बजे दो पक्षों के मध्य आपसी विवाद, पुरानी रंजिश को लेकर गंभीर मारपीट और हंगामे की घटना घटित हुई। घटना की सूचना प्राप्त होते ही धमतरी पुलिस द्वारा तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया तथा दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग काउंटर केस दर्ज कर निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रथम पक्ष के शिकायतकर्ता विजय उर्फ मोनू सोनकर द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी पत्नी के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से बातचीत को लेकर संदेह की स्थिति उत्पन्न हुई थी। जिसके संबंध में पूछताछ करने के लिए वह अपने साथियों के साथ गणेश चौक स्थित दूसरे पक्ष के घर पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी सुरज कसार द्वारा घर में रखा पीतल बर्तन साफ करने वाला ज्वलनशील केमिकल पदार्थ बाहर लाकर शिकायतकर्ता पक्ष एवं उसके साथियों के ऊपर फेंका गया, जिससे कई व्यक्तियों के शरीर एवं चेहरे पर गंभीर जलन एवं चोटें आईं।

घटना में घायल विनय गौली, एवं बीच-बचाव करने आए लक्की बावने को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से एक घायल को गंभीर स्थिति में रायपुर रेफर किया गया है। जिस रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 127/2026 पंजीबद्ध कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 191(2), 191(3) एवं 331(6) के तहत वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

वहीं दूसरे पक्ष के सागर कसार द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि रात्रि के समय कुछ लोग एकजुट होकर लाठी-डंडा एवं रॉड लेकर उनके घर पहुंचे तथा घर में घुसकर गाली- गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी दी। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट होने पर केमिकल पदार्थ फेंका गया। जिस पर सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा सूरज कसार द्वारा अप.क्र.128/2026धारा 124(1),109(1) बीएनएस.के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

घटना में परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्यवाही करते हुए घटनास्थल , घायलों का मेडिकल जांच, गवाहों के बयान, इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। मामले के प्रत्येक पहलू की सूक्ष्मता एवं निष्पक्षता से जांच कर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, सीसीटीवी का अवलोकन कर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *