महिला वकील ने प्रेमी से की शादी करने की जिद, हुई हत्या 

रायगढ़। महिला वकील आराधना सिदार की हत्या मामले में प्रेमी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार किया गया है, जिसने पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल में हत्या कर लाश को फेंक दिया था।  एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आराधना हत्या मामले में बताया कि 12 मई को पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली थी कि कटेल टिकरा जंगल अंदर सरकारी जमीन पर एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। जिस सूचना के बाद  एडिशनल एसपी अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, एफएसएल, डॉग स्क्वॉड टीम और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर महिला का शव नग्न अवस्था में मिला था। गांव के कोटवार अयोध्या प्रसाद माझी ने जंगल में लकड़ी लेने के दौरान शव देख पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने शव को सुरक्षित रखवाया और महिला की पहचान के प्रयास शुरू किए। 

जांच के दौरान चक्रधरनगर थाने में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट से महत्वपूर्ण सुराग मिला। मृतिका के परिजनों को वारदात वाली जगह से बरामद कपड़े, सैंडल और फोटोग्राफ्स दिखाए गए, जिसके बाद मृतिका की पहचान आराधना सिदार के रूप में हुई। जांच आगे बढ़ाते पुलिस ने मृतिका के कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मोटरसाइकिल पर मृतिका को ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और सक्ती निवासी लोकनाथ पटेल को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतिका के साथ पिछले करीब 2 साल से प्रेम संबंध था। आरोपी पहले से विवाहित था और मृतिका द्वारा शादी को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसी कारण आरोपी ने पूरी योजना बनाकर पूछताछ में आरोपी लोकनाथ पटेल ने बताया कि 9 मई की रात उसने आराधना से बात कर अगले दिन मिलने का प्लान बनाया था। 10 मई को वह मोटरसाइकिल से उसे अपने साथ लेकर पहले सक्ती और दमाऊधारा मंदिर गया, शाम को दोनों सक्ती स्थित एक लॉज में रुके जहां आरोपी ने फर्जी नाम से कमरा लिया। आरोपी ने बताया कि शादी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और उसी दौरान उसने हत्या की योजना बनाई। अगले दिन सुबह वह आराधना को बाइक से सुनसान जंगल क्षेत्र लेकर गया, जहां मौका पाकर पहले गला दबाकर उसे बेहोश किया, फिर पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने घटनास्थल पर साक्ष्य छिपाने की कोशिश की, खून साफ किया और घर लौट गया। शक से बचने के लिए उसने मृतिका के मोबाइल का इस्तेमाल कर उसकी बहन और सहेलियों से महिला की आवाज निकालकर बातचीत भी की, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। आरोपी के कब्जे से मृतिका का उपयोग किया जा रहा मोबाइल फोन, घटना समय पहने कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी

लोकनाथ पटेल, पिता रामप्रसाद पटेल, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम चारपारा, थाना सक्ती, जिला सक्ती, छत्तीसगढ़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *