रायगढ़। शादी की पार्टी मांगने पर पड़ोसी ने मारपीट और तोड़फोड़ कर उत्पात मचा दिया। पीड़ित महिला धनमोती सारथी द्वारा थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 12.05.2026 को पड़ोसी रामकुमारी सारथी के पुत्र विनोद सारथी के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए उनके परिवार को निमंत्रण दिया गया था। विवाह में जाने पर रामलाल सारथी द्वारा उन्हें बाद में अलग से पार्टी देने की बात कहकर वापस भेज दिया गया।
रिपोर्ट के अनुसार 18 मई की शाम पीड़ित महिला द्वारा रामलाल सारथी से पार्टी देने की बात पूछने पर वह नाराज होकर अपने घर चला गया। इसके बाद रात करीब 9 बजे रामलाल सारथी, मनोज सारथी एवं मंगल सिंह सारथी तीनों प्रार्थिया के घर पहुंचे और बाहर गली में दरवाजा खोलने को लेकर गाली-गलौज करने लगे। दरवाजा नहीं खोलने पर तीनों आरोपियों ने डंडा लेकर जबरन घर का दरवाजा तोड़ दिया और भीतर घुसकर मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई प्रार्थिया की बेटियों सुक्रिता सारथी एवं अनिता सारथी के साथ भी आरोपियों ने हाथ-मुक्के से मारपीट की, जिससे दोनों को चोटें आईं।
रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 170/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 331(6), 3(5) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले में पुलिस द्वारा आहतों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल आरोपी रामलाल सारथी, मंगल सिंह सारथी और मनोज सारथी पिता रामलाल सारथी उम्र 20 वर्ष, तीनों निवासी बरकसपाली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।