रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत साइबर और कोतवाली पुलिस ने शहीद चौक क्षेत्र में एक मकान पर छापेमार कार्रवाई कर सट्टा पट्टी नोट कर रही महिला काे सट्टा-पट्टी लिखते रंगे हाथ पकड़ते हुए उसके कब्जे से मोबाइल, सट्टा लेखा-जोखा, नगदी रकम जब्त की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि शहीद चौक, रायगढ़ में रहने वाली अनिता साहू अपने मकान में गुप्त रूप से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन सट्टा-पट्टी का संचालन कर रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान में दबिश दी।
रेड के दौरान संदेही महिला अनिता साहू घर पर मौजूद मिली। पूछताछ करने पर उसने सट्टा-पट्टी लिखना स्वीकार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ग्रे रंग का रियलमी मोबाइल बरामद हुआ, जिसकी गैलरी में राजधानी कल्याण के कई सट्टा अंकों की तस्वीरें, सट्टा-पट्टी का रिकॉर्ड तथा हिसाब-किताब सुरक्षित मिला। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन और नकद दोनों माध्यमों से सट्टा राशि लेकर अवैध सट्टा संचालित कर रही थी। पुलिस ने मौके से ₹480 नगद सट्टा रकम, मोबाइल एवं सट्टा से संबंधित दस्तावेजों को गवाहों की उपस्थिति में जब्त किया।