रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कांग्रेस नेता संजय बघेल और सुरेन्द्र वर्मा द्वारा फेसबुक पर महिलाओं के सम्मान के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों, फोटो और वीडियो को संज्ञान में लिया। आयोग ने इसे अत्यंत गंभीर प्रकरण मानते हुए त्वरित कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
संजय बघेल पूर्व पार्षद एवं प्रभारी महामंत्री, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, भाटापारा शहर (जिला बलौदाबाजार) हैं, जबकि सुरेन्द्र वर्मा बिलासपुर के कांग्रेस पदाधिकारी हैं। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर महिलाओं के सम्मान के खिलाफ अमर्यादित और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की।
आयोग अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बलौदाबाजार एसपी और पुलिस अधीक्षक एसपी से चर्चा की। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आयोग ने विशेष रूप से AI से निर्मित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो की जांच पर जोर दिया है। सामग्री बनाने और पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर तीन दिन के भीतर महिला आयोग को कार्रवाई रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है। राज्य महिला आयोग ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के सम्मान के खिलाफ किसी भी तरह की अमर्यादित सामग्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।