रायपुर। भाठागांव इलाके में एक युवक द्वारा घर के सामने पहुंचकर गाली-गलौज, धमकी और तोड़फोड़ करने के बाद वाहन में आग लगाने का मामला सामने आया है। पीड़िता अंजली सोनकर ने इस संबंध में टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार घटना 25 जुलाई 2026 की रात करीब 1:30 बजे की है। अंजली सोनकर अपने घर पर मौजूद थीं, तभी मोहल्ले का रहने वाला शुभम सोनकर उर्फ राजा उनके घर के सामने पहुंच गया। आरोप है कि युवक ने बिना किसी कारण के विवाद शुरू कर दिया और पीड़िता व उनके परिवार को मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने घर की खिड़की को पत्थर मारकर तोड़ दिया। इसके बाद घर के बाहर खड़ी एक्टिवा वाहन क्रमांक CG04MJ3347 में आग लगा दी, जिससे वाहन को करीब 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
अंजली सोनकर के मुताबिक, घटना के समय ज्योति देवांगन सहित आसपास के कुछ लोगों ने आरोपी की हरकतों को देखा और सुना है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। टिकरापारा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।