Headlines

पत्नी घर छोड़कर भागी, पति ने बुजुर्ग पर किया शक, टंगिया से कर दिया हमला 

रायगढ़। तमनार थाना क्षेत्र के महलोई गांव में बुजुर्ग की हत्या की कोशिश करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी दूजराम चौहान की पत्नी घर छोड़कर कहीं भाग गई है। पीड़ित बुजुर्ग पर आरोपी शक करता था। मौका देखते ही उन पर हमला कर दिया। 

31 जुलाई 2026 को किया जानलेवा हमला

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार में महलोई गांव के बुजुर्ग भागीरथी किशान को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के लिए भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव पहुंचे और घायल भागीरथी के बेटे विनोद किशान से पूछताछ किया।  उसने बताया कि गांव के दूजराम चौहान को संदेह था कि उसकी पत्नी को भागीरथी किशान ने घर से भगाया है। इसी बात को लेकर वह पिछले दो-तीन दिनों से लगातार भागीरथी से गाली-गलौज और विवाद कर रहा था।

31 जुलाई की शाम भागीरथी किशान अपने घर के सामने गली में खड़े थे, तभी आरोपी दूजराम चौहान हाथ में टंगिया लेकर वहां पहुंचा और पत्नी को भगाने का आरोप लगाते हुए अश्लील गालियां देने लगा। इसके बाद उसने “जान से मार दूंगा” कहते हुए जानलेवा नीयत से भागीरथी किशान के सिर पर लगातार तीन-चार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से भागीरथी किशान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी दूजराम चौहान (64 वर्ष), निवासी महलोई को हिरासत में लिया। पूछताछ के आधार पर घटना में इस्तेमाल लोहे की कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करते हुए जेल भेज दिया गया है। घायल भागीरथी किशान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पहले जिला अस्पताल रायगढ़ और बाद में बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *