सेमरा बी में साहू समाज ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस

धमतरी/सेमरा बी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ग्राम सेमरा बी में साहू समाज द्वारा देशभक्ति, सामाजिक एकता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, महिला प्रकोष्ठ के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं समाजजनों ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इसके पश्चात साहू समाज के अध्यक्ष यादराम साहू द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन कर राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम का संचालन संगठन सचिव गजेन्द्र साहू ने प्रभावी ढंग से किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी हमें अनेक वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान से प्राप्त हुई है। इसलिए स्वतंत्रता की रक्षा करना और देश के विकास में अपना योगदान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।समारोह में संरक्षक शंकर लाल साहू, सरपंच राजेंद्र साहू, श्रवण साहू, पंच पवन साहू, अध्यक्ष यादराम साहू, सोनाराम साहू, समाजसेवक शेष साहू, तोरण साहू, भूपेंद्र साहू, तिलुराम साहू, पूरण जांगड़े एवं उपसरपंच घनश्याम निषाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।साहू समाज महिला प्रकोष्ठ की ओर से अध्यक्ष बिसरी बाई साहू, उपाध्यक्ष राधिका साहू, कुलेश्वरी साहू, गुरुमति साहू एवं नंदिनी साहू परिक्षेत्र कोषाध्यक्ष माँ कर्मा बैंक की विशेष सहभागिता रही। साथ ही पंच तरुणा साहू, भावना साहू एवं रेखा साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य एवं ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति डॉ. यादराम साहू तथा वात्सल्य सृजन यूथ ऑर्गनाइजेशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष यशपाल साहू की रही। अतिथियों ने उपस्थितजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को शिक्षा, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

वक्ताओं ने सामाजिक एकता एवं समरसता पर जोर देते हुए कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकजुटता में निहित है। साहू समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास एवं समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा ग्राम एवं समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया गया।भारत माता के जयघोष एवं राष्ट्रभक्ति के नारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। पूरे आयोजन में देशप्रेम, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।

अंत में साहू समाज ग्राम सेमरा बी की ओर से सभी उपस्थित अतिथियों, समाजजनों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक एकजुटता की भावना के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *