बिलासपुर। बारिश के मौसम में नदी, डेम और वेस्टवियर के आसपास बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के बीच लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। बिलासपुर जिले के खूंटाघाट वेस्टवियर में कुछ लोग खतरनाक तरीके से तेज बहाव के करीब पहुंचकर सेल्फी और रील बना रहे थे। सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया गया कि कुछ लोग वेस्टवियर के प्रतिबंधित हिस्से का गेट लांघकर तेज बहाव के बेहद करीब पहुंच गए थे। हैरानी की बात यह रही कि वे अपने साथ परिवार और बच्चों को भी इस खतरनाक स्थान पर ले गए थे। लोग वहां पहुंचकर सेल्फी और रील बनाने में व्यस्त थे। पानी का बहाव तेज होने के बावजूद जोखिम उठाने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उन्हें वहां से बाहर निकाला।
रतनपुर पुलिस ने मौके पर लोगों को जमकर फटकार लगाई। लापरवाही को लेकर पुलिस ने कान पकड़कर उठक-बैठक भी लगवाई और भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की समझाइश दी। पुलिस ने लोगों को बताया कि बारिश के दौरान नदी, नाले, डेम और वेस्टवियर के आसपास पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऐसे स्थानों पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा हो सकती है।