महासमुंद। छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद खाद्य विभाग ने मिलावटी पनीर के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में महासमुंद के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड प्रोडक्ट फैक्ट्री में खाद्य विभाग की टीम ने देर रात छापेमार कार्रवाई की।
मिली शिकायत के आधार पर विभागीय टीम ने रात करीब 12 बजे फैक्ट्री में जांच शुरू की। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान लगभग 300 किलोग्राम तैयार पनीर को जब्त कर सील किया गया।
विभाग द्वारा जब्त पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पनीर निर्धारित खाद्य मानकों के अनुरूप है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। विभाग ने मिलावटी एवं प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए हैं।