तीसरी आंख से बच नहीं पाया चोर, रेलवे स्टेशन में रंगे हाथों पकड़ाया

गुजरात. वलसाड जिले के वापी रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी की एक घटना सामने आई है. यहां रेलवे स्टेशन पर सो रहे एक यात्री के हाथ से मोबाइल चोरी करने वाला शख्स CCTV कैमरे में कैद हो गया. आरोपी ने पहले आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही यात्री के हाथ से मोबाइल निकालकर फरार होने की कोशिश की. हालांकि, रेलवे स्टेशन पर तैनात RPF और GRP की सतर्कता के चलते आरोपी ज्यादा दूर नहीं जा सका और उसे स्टेशन परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया गया.

CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक शख्स रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्री के पास पहुंचता है. वह कुछ देर तक यात्री और आसपास मौजूद लोगों पर नजर रखता है. इसके बाद जब उसे यकीन हो जाता है कि आसपास कोई उसकी गतिविधि पर ध्यान नहीं दे रहा है, तो वह धीरे से सो रहे यात्री के हाथ में मौजूद मोबाइल पर हाथ डालता है और उसे चोरी कर वहां से निकलने लगता है.

इसी दौरान रेलवे स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों की निगरानी कर रहे RPF और GRP कर्मियों की नजर संदिग्ध गतिविधि पर पड़ गई. पुलिस ने CCTV फुटेज को आधार बनाकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी. RPF और GRP की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को रेलवे स्टेशन परिसर में ही पकड़ लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *