आंगन धंसने से 25 फीट गहरे गड्ढे में समा गई युवती, मौत

कानपुर। रक्षाबंधन के दिन कानपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर का आंगन अचानक धंसने से 18 वर्षीय युवती करीब 25 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। करीब 7 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसा शुक्रवार सुबह करीब 6:40 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि 18 वर्षीय यशी रविता नहाने के बाद बाथरूम से बाहर निकली थी। जैसे ही उसने आंगन की ओर कदम बढ़ाया, अचानक जमीन धंस गई और वह नीचे मौजूद बोरिंग में जा गिरी। अचानक हुए हादसे के कारण यशी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के समय घर में उसकी बड़ी बहन मौजूद थी। माता-पिता घर से करीब 200 मीटर दूर भैंस बांधने गए थे। बहन ने यशी को गड्ढे में गिरते देखा और तत्काल रस्सी डालकर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान मिट्टी और धंस गई और यशी और नीचे चली गई।

बहन ने शोर मचाकर पड़ोसियों और माता-पिता को बुलाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। करीब 35 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू के लिए घर से करीब 22 किलोमीटर दूर जाजमऊ से फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। इस बीच हादसे को करीब डेढ़ घंटे बीत चुके थे।

इसके बाद बचाव दल ने करीब 7 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और आखिरकार यशी को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *