अकलतरा. ट्रक के लेन-देन को लेकर दोस्त की पीट-पीटकर हत्या, वारदात को एक्सीडेंट का रूप देने का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस की सघन जांच में आरोपी ने हत्या का जुर्म स्वीकार किया जिसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया. जानकारी अनुसार 24 जून को भारतमाला रोड पर वाहन क्रमांक सीजी 10 बीपी 9060 की घटना में मृतक अरविंद सिंह लोधी उम्र 26 वर्ष, निवासी सकरी, बिलासपुर की मृत्यु हुई थी.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना को सड़क दुर्घटना मानते हुए वाहन चालक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी. जब आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर दीनदयाल कॉलोनी, बिलासपुर से कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया. आरोपी ने कबूला-ट्रक के लेन-देन को लेकर उक्त युवक से पुराना विवाद था. घटना वाले दिन शराब पार्टी के दौरान कहासुनी बढ़ गई.
फिर हेमंत ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरविंद को लात-घूंसों से पीट-पीटकर मार डाला और सबूत मिटाने के लिए लाश को कार के नीचे डालकर एक्सीडेंट का नाटक रचा. जांच में हत्या के तथ्य सामने आने पर प्रकरण में धारा 103 (1), 3(5) बीएनएस जोड़ी गई तथा पूर्व में दर्ज धारा 106 (1) बीएनएस को हटाया गया. घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक सीजी 10 बीपी 9060 को विधिवत जब्त कर आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. प्रकरण की विवेचना एवं फरार एक अन्य आरोपी की पातासाजी जारी है.