रायगढ़। जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस को वाहन चोरी के मामले में सफलता मिली है। पुलिस ने बाइक और मोबाइल चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी चौहान (29) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर निगरानी बदमाश महेश पैंकरा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने का आरोप है।पुलिस के अनुसार, फुलीकुण्डा निवासी बसंत राठिया ने 23 जुलाई 2026 को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि 29 जून को वह खाद लेने घरघोड़ा आया था और उसने अपनी मोटरसाइकिल CG-13-UA-3703 को जैन पंडा के घर के सामने खड़ा किया था। बाइक के हैंडल पर टंगे झोले में उसका रेडमी मोबाइल रखा था। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक और मोबाइल दोनों गायब मिले। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 234/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि निगरानी बदमाश महेश पैंकरा (34) चोरी की बाइक लेकर घूम रहा है। पुलिस टीम ने घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में महेश ने अपने साथी विकास चौहान के साथ मिलकर बाइक और मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया।
उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और करीब 20 हजार रुपये कीमत का रेडमी मोबाइल बरामद किया गया।वारदात के बाद विकास चौहान फरार हो गया था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी यू-ट्यूब चैनल चलाता है। पुलिस उसकी गतिविधियों पर भी नजर रख रही थी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।
इसी बीच 1 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि विकास चौहान अपने गांव चुहकीमार में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने महेश पैंकरा के साथ मिलकर बाइक और मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।