रायगढ़ में पटवारी गिरफ्तार, फर्जी पट्टा बनाकर बेच रहा था आदिवासी की जमीन और सरकारी जमीन को

रायगढ़। कापू थाना क्षेत्र में आदिवासी और शासकीय जमीन के फर्जी अंतरण से जुड़े दो गंभीर मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के फरार मुख्य आरोपी तत्कालीन पटवारी राकेश कुमार साय (45) को गिरफ्तार किया है।

आरोपी के कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, इन्हीं उपकरणों का इस्तेमाल फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किया गया हो सकता है।पुलिस के अनुसार, पहला मामला ग्राम डुमरनारा की खसरा नंबर 409 की भूमि से जुड़ा है। यह जमीन पूर्व में पण्डो जनजाति के सदस्यों के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज थी।

जांच में वर्ष 2023-24 के रिकॉर्ड में बिना सक्षम अधिकारी के आदेश के भूमि को सुखन पिता बजरंग, जाति रावत के नाम दर्ज किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद 21 फरवरी 2024 को जमीन का विक्रय रायपुर निवासी संतोष देवी गुप्ता के नाम कर दिया गया।जांच में यह भी सामने आया कि विक्रेता के तौर पर प्रस्तुत व्यक्ति की वास्तविक पहचान सुखन राठिया पिता धनाराम, जाति कंवर के रूप में हुई।

दस्तावेजों की जांच में फर्जी आधार कार्ड के इस्तेमाल की बात भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, तत्कालीन हल्का पटवारी राकेश कुमार साय द्वारा जमीन के विक्रय के लिए चौहद्दी प्रदान की गई थी।

इस मामले में तहसीलदार कापू की रिपोर्ट पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 108/2026 दर्ज किया गया है। इसमें धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 120(बी) भादवि के तहत कार्रवाई की गई है।

शासकीय जमीन का भी तैयार किया फर्जी पट्टा

दूसरा मामला ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, खसरा नंबर 467/23, 467/25 और 467/36 की शासकीय जमीन को कूटरचित दस्तावेजों के जरिए निजी व्यक्तियों के नाम दर्ज कराकर फर्जी पट्टा तैयार किया गया। इसके बाद कथित तौर पर दलालों के माध्यम से जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने का प्रयास किया गया।

इस मामले में तत्कालीन पटवारी राकेश साय समेत मुकारधारी कैलाश कुमार जेठवानी, विक्रेता उजितराम, अनुप्रमाणक साक्षियों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। तहसीलदार कापू के जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 131/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 420, 467, 468, 471 और 120(बी) भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध है।

दोनों मामलों में अपराध दर्ज होने के बाद पटवारी राकेश साय फरार चल रहा था। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को उसके ग्राम गनपतपुर क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद कापू पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप और एक प्रिंटर मशीन जब्त की है।

पुलिस अब इन उपकरणों की जांच कर रही है और फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इनकी भूमिका से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। दोनों मामलों में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *